उक्रांद ने मनाई उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी की जयंती, बोले नेता – राज्य हो गया दिशाहीन
नैनीताल: उत्तराखंड क्रांति दल की नैनीताल इकाई ने बुधवार को उक्रांद कार्यालय नैनीताल में उत्तराखंड के गांधी कहे जाने वाले इंद्रमणि बडोनी की जयंती श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बडोनी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता के. सी. उपाध्याय ने की। मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि इंद्रमणि बडोनी का कृतित्व और व्यक्तित्व दोनों ही विराट थे। वे गांधीवादी विचारधारा के अनुयायी थे और समाज के लिए राजनीति को साधन मानते थे, साध्य नहीं।
डॉ. जंतवाल ने कहा,
“बडोनी जी का मानना था कि राजनीति में पद से प्रतिष्ठा मिल सकती है, लेकिन असली प्रतिष्ठा तब मिलती है जब आप समाज की बेहतरी के लिए काम करें और जनता की लड़ाई लड़ें।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में बडोनी जी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्हीं के मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों के कारण राज्य आंदोलन अपने लक्ष्य तक पहुंच सका। लेकिन आज हालात इसके ठीक उलट हैं। डॉ. जंतवाल ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दलों की सत्ता की राजनीति ने उत्तराखंड को दिशाहीन कर दिया है और शहीदों का सपना चकनाचूर हो गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी राजधानी का स्थायी निर्णय नहीं हो पाया। जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, सख्त भू-कानून और मूल निवास जैसे अहम मुद्दे आज भी अनसुलझे हैं।
डॉ. जंतवाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश भर में असामाजिक तत्व स्थानीय लोगों की जमीनों और सरकारी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। हाल ही में नैनीताल के समीप मंगोली क्षेत्र में हुई घटना इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि शासन और प्रशासन मौन साधे हुए हैं और पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब उत्तराखंड क्रांति दल चुप नहीं बैठेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति और बढ़ती बेरोजगारी पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि आज उत्तराखंड में बेरोजगारी दर देश में सबसे अधिक है, जो राज्य के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
कार्यक्रम को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश पांडे, लीलाधर फुलारा, मनोज साह, सज्जन साह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मदन सिंह बगड़वाल ने किया।
