कपकोट के नामतीचेटाबगड़ को बड़ी सौगात
Spread the love

कपकोट के नामतीचेटाबगड़ में बनेगा पशु चिकित्सालय, ₹3.33 करोड़ की मिली स्वीकृति

बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नामतीचेटाबगड़ के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। माननीय मुख्यमंत्री घोषणा (संख्या 392/2021) के तहत यहां पशु चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए 3 करोड़ 33 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय पशुपालकों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक दूरदराज के गांवों के लोगों को अपने पशुओं के इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की परेशानी झेलनी पड़ती थी।

नए पशु चिकित्सालय के बनने से टीकाकरण, आपातकालीन उपचार, कृत्रिम गर्भाधान, पशु रोग नियंत्रण और पशु स्वास्थ्य परामर्श जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे क्षेत्र में पशुधन की बेहतर देखभाल संभव हो पाएगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पशु चिकित्सालय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा। इससे न केवल पशुधन की सुरक्षा और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पशुपालन पर निर्भर परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।


Spread the love