हल्द्वानी में कचरा प्रबंधन को मिली नई दिशा, गौला पार में एमआरएफ सेंटर का शुभारंभ
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी द्वारा गौला पार क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दैनिक कचरा प्रसंस्करण हेतु स्थापित एमआरएफ (Material Recovery Facility) सेंटर का विधिवत उद्घाटन माननीय महापौर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, लेखा अधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बेनी सेना की महिला सदस्याओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिन्होंने स्वच्छता अभियान को मजबूती देने में अपनी भूमिका निभाई।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि एमआरएफ सेंटर के संचालन से शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर के स्वच्छता स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
वहीं नगर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सेंटर के माध्यम से प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे का पृथक्करण और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) सुनिश्चित किया जाएगा। इससे लैंडफिल साइट्स पर निर्भरता कम होगी और कचरे का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।





