सरकारी विज्ञापन
Fri. Oct 9th, 2026
Spread the love

बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या , आरोपी फरार

बेरीनाग थाना क्षेत्र के नाघर बटगेरी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बड़े भाई बालम मेहता ने छोटे भाई नरेंद्र मेहता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया, और आरोपी बड़ा भाई फरार हो गया है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को नाघर बटगेरी गांव में बालम और नरेंद्र घर के बाहर बैठे हुए थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस बीच, बड़ा भाई बालम मेहता ने किचन से चाकू उठाया और छोटे भाई नरेंद्र के सीने में चाकू घोंप दिया। चाकू लगने से नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल नरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ गया। इस घटना के बाद, परिजनों में आक्रोश फैल गया, और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

बेरीनाग थानाध्यक्ष महेश जोशी और उप निरीक्षक पूजा मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम देर शाम को घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। रविवार को मृतक नरेंद्र का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल बागेश्वर में कराया गया। मृतक के चचेरे ससुर नरेंद्र सिंह कपकोटी ने बेरीनाग थाने में तहरीर देकर बालम सिंह मेहता पर हत्या का आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि मृतक नरेंद्र मेहनत-मजदूरी करता था और दो साल पहले ही उसकी कपकोट से शादी हुई थी। उसका आठ महीने का एक बेटा भी है।

बेरीनाग थानाध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नरेंद्र सिंह की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल होगी।


Spread the love