Spread the love

दुष्कर्म के आरोपी उस्मान को किया मुस्लिम समाज से निष्कासित, अपराधी को नहीं बख्शा जाएगा

नैनीताल। हाल ही में शहर में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य अपराध के मामले में पुलिस ने आरोपी उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद जहां एक ओर पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, वहीं नैनीताल शहर में भारी आक्रोश व्याप्त है।

इस बीच मुस्लिम समाज ने भी सामने आकर इस कृत्य की कठोर निंदा की है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। अंजुमन इस्लामिया के सदर सोएब अहमद ने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज पीड़िता के साथ खड़ा है और आरोपी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसा घृणित अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सोएब अहमद ने बताया कि आरोपी को मुस्लिम समाज से निष्कासित किया गया है और उसे मस्जिद में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज उसका पूर्ण बहिष्कार करता है। साथ ही पीड़िता की चिकित्सा और भविष्य की शिक्षा का खर्च अंजुमन इस्लामिया संस्था द्वारा वहन किया जाएगा।

समुदाय के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए और आरोपी को जल्द से जल्द न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से कड़ी सजा दी जाए, जिससे समाज में सख्त संदेश जाए। साथ ही उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी भरोसा दिलाया कि शहर का माहौल शांत और सुरक्षित है।

उन्होंने अपील की कि बाहरी लोगों का सत्यापन किया जाए और झूठी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान जमाल अहमद, साजिद, हारून खान पम्मी, रईस अहमद, गुलजार, शोहेल अहमद, गुड्डू, शाहनवाज, मोहम्मद फैसल, शोहल सिद्दीकी, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद यूनुस, नईम अहमद, काशिम जाफरी, नसीम गुलजार, मोहम्मद दानिश, मोहम्मद फैजल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

You missed