Spread the love

शरीर से हो रहा था रक्तस्राव, सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती, दरिंदगी की आशंका

हल्द्वानी। शहर में एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें एक मानसिक रूप से अस्थिर लावारिस युवती को गंभीर हालत में खून से लथपथ स्थिति में पाया गया। रविवार शाम कुछ राहगीरों ने युवती को दर्द से तड़पते हुए देखा और तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया।

युवती को पहले बेस अस्पताल हल्द्वानी लाया गया, जहां डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उसकी यह हालत गर्भपात की वजह से हुई है। इसके बाद उसे गंभीर स्थिति के चलते महिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहाँ भी हालत में सुधार नहीं होने पर सोमवार को उसे सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल (STH) में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

युवती की मानसिक स्थिति इतनी कमजोर है कि वह न तो अपना नाम बता पा रही है और न ही घर का पता। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, अगर युवती के साथ किसी भी प्रकार की ज़बरदस्ती या अपराध की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं जहां से उसे अस्पताल लाया गया था।


Spread the love

You missed