देवभूमि जन हुंकार, रुद्रपुर / ऊधम सिंह नगर: ऊधम सिंह नगर जिले में लकड़ी तस्करों के हौसले इस कदर बढ़ गए कि उन्हें रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की बरहनी रेंज के जंगल में वनकर्मियों और तस्करों के बीच आमना-सामना होने पर जमकर गोलियां चलीं। तस्करों की ओर से करीब 40 से 45 राउंड फायरिंग की गई, जबकि वन विभाग की टीम ने आत्मरक्षा में 30 से 35 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए।
बोर नदी जीरो पॉइंट के पास रात 8:45 बजे निगरानी के दौरान हुई मुठभेड़
घटना शुक्रवार 27 नवंबर 2026 की रात करीब 8:45 बजे की बताई जा रही है। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की बरहनी रेंज में बोर नदी जीरो पॉइंट के पास वन विभाग की एसओजी टीम निगरानी कर रही थी। टीम को लंबे समय से इलाके में सागौन की लकड़ी की तस्करी किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके चलते वनकर्मी तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जंगल पहुंचे थे।
इसी दौरान टीम का सामना सागौन की लकड़ी की तस्करी में शामिल लोगों से हो गया। वनकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बीच वनकर्मियों ने भी मोर्चा संभाला और अपनी सुरक्षा के साथ वन संपदा को बचाने के लिए जवाबी फायरिंग की, जिससे दोनों तरफ से काफी देर तक गोलियां चलती रहीं।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर, तीन बाइक व सागौन की लकड़ी कब्जे में
इस मुठभेड़ में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी भी तस्करों की गोलीबारी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। आखिरकार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते भाग निकले और जाते समय अपनी तीन मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी के गिल्टे मौके पर ही छोड़ गए।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी ने अतिरिक्त वनकर्मियों को मौके पर भेजा तथा पुलिस को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से तीन बाइक और तस्करी के लिए काटकर रखी गई सागौन की लकड़ी बरामद कर कब्जे में ले ली है।
वन अधिनियम में दर्ज होगा मुकदमा, फरार तस्करों की तलाश जारी
डीएफओ उमेश चंद तिवारी ने बताया कि इस मामले में वन विभाग की ओर से तहरीर दी जाएगी। इसके आधार पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि फिलहाल फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


