एक शहर, तीन लापता बेटियाँ – हल्द्वानी में क्या हो रहा है?
बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस पर बढ़ा दबाव।
हल्द्वानी। शहर में नाबालिग बच्चियों के लापता होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते कुछ दिनों में तीन अलग-अलग मामलों में किशोरियों के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक मामले में पुलिस ने युवक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य दो मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
👉 पहला मामला: दुकान से सामान लेने गई किशोरी लापता
मुखानी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बीते 8 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे घर के पास स्थित दुकान से सामान लेने निकली थी। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर करन नामक युवक के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
👉 दूसरा मामला: ऑफिस गई युवती के मोबाइल के बाद से बंद
रामपुर रोड निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 22 वर्षीय भांजी एक प्राइवेट ऑफिस में नौकरी करती है। बुधवार को वह घर से ऑफिस के लिए निकली थी।
कुछ समय बाद जब परिजनों ने कॉल किया, तो उसने बताया कि वह मंदिर जा रही है। लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है और वह अब तक घर नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 तीसरा मामला: लॉज से 13 वर्षीय नाबालिग लापता
शहर के वैलेजली लॉज से भी एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के गायब होने का मामला सामने आया है। लड़की के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
