Spread the love

पंचायत चुनाव प्रचार के बीच दिल्ली साइबर क्राइम पुलिस ने उठाया प्रत्याशी, क्षेत्र में मचा हड़कंप

नानकमत्ता (उत्तराखंड)। उत्तराखंड में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली साइबर क्राइम पुलिस ने नानकमत्ता क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद का चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद संबंधित प्रत्याशी जोरों-शोरों से प्रचार में जुटा हुआ था। तभी अचानक दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की एक टीम नानकमत्ता पहुंची और प्रत्याशी समेत दो अन्य युवकों को हिरासत में ले लिया।

दिल्ली साइबर क्राइम पुलिस की यह कार्रवाई नानकमत्ता थाना क्षेत्र के हरैया गांव में की गई। टीम का नेतृत्व कर रहे उपनिरीक्षक मुन्ना कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से धोखाधड़ी से जुड़े एक साइबर अपराध में वांछित थे। दिल्ली में दर्ज मुकदमे के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों को खटीमा न्यायालय में ट्रांजिट रिमांड पर पेश किया गया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस तीनों को अपने साथ ले गई।

इस अप्रत्याशित कार्रवाई से चुनाव प्रचार में लगे अन्य प्रत्याशियों और समर्थकों में अचानक खलबली मच गई। लोग हैरान हैं कि चुनाव प्रचार के दौरान इस तरह की गिरफ्तारी कैसे हो सकती है।

वहीं, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि चुनाव से संबंधित कोई सीधा मामला नहीं है, बल्कि यह दिल्ली पुलिस द्वारा की गई एक लंबित आपराधिक मामले की कार्रवाई है।


Spread the love