Spread the love

द्वाराहाट फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चुनावी रंजिश में रचा गया था आपराधिक षड्यंत्र

अल्मोड़ा। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के दिन द्वाराहाट में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते षड्यंत्र रचकर जानलेवा हमला किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को कैलाश भट्ट ने तहरीर दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि दीपक किरोला, सोनू धमेला, गौरव नेगी समेत कुछ अन्य लोगों ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के बाद उनके होटल में पहुंचकर उन पर रिवॉल्वर से फायरिंग की। इस दौरान विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शिकायत के आधार पर द्वाराहाट थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसएसपी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद और थानाध्यक्ष द्वाराहाट अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों के लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद शनिवार तड़के करबला से करीब 200 मीटर दूर बेस अस्पताल रोड पर कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो सवार तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • राहुल रावत (23 वर्ष) निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना मुखानी, जिला नैनीताल।

  • महेंद्र सिंह घनेला उर्फ सोनू घनेला (29 वर्ष) निवासी ग्राम पिठोली, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल, हाल निवासी विवेक विहार, थाना मुखानी, जिला नैनीताल।

  • कमल पालीवाल (23 वर्ष) निवासी ग्राम पनियाली कटथरिया, थाना मुखानी, जिला नैनीताल।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Spread the love