बागेश्वर : 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का होगा आयोजन, जनता को किया जा रहा जागरूक
सीमा खेतवाल, बागेश्वर

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आगामी 13 सितंबर 2025 को जिला न्यायालय बागेश्वर एवं बाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इस लोक अदालत में फौजदारी के शमनीय वाद, पैसे के लेन-देन, लेबर एवं नियोजन से जुड़े विवाद, पति-पत्नी के वैवाहिक मामले, दीवानी वाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना मुआवजा, बिजली-पानी के बिल, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता फोरम से जुड़े वाद, धन वसूली तथा प्री-लिटिगेशन बैंकिंग संबंधी मामलों सहित अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा मंगलवार को भराड़ी स्टैण्ड एवं काण्डा स्टैण्ड क्षेत्र में लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार किया गया तथा पंपलेट वितरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
