भवाली में पुत्र ने डंडे से पीटकर पिता की हत्या की, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भवाली। नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत नगारी गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि शनिवार, 06 सितंबर की दोपहर प्रेम सिंह निवासी नगारी गांव ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि उनके पड़ोसी के घर में बेटा अपने पिता पर डंडे से हमला कर रहा है और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तो पाया कि सचिन सदाशंकर (32 वर्ष) ने अपने पिता राजकुमार सदाशंकर (75 वर्ष), निवासी नगारी गांव, अवलोकन होटल के सामने, भीमताल रोड पर स्थित अपने घर में ही डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी है।
घटनास्थल पर केवल पिता और पुत्र ही रहते थे। आरोपी की शादी भी नहीं हुई है और वह बेरोजगार बताया जा रहा है। हत्या की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
