देहरादून: असहायों के सहारे बने जिलाधिकारी, राइफल क्लब फंड से 1.35 लाख की मदद
गरीब और असहायों की मदद के लिए जिलाधिकारी के प्रयास रंग ला रहे
देहरादून। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से गरीब, असहाय और निर्धन लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल लगातार प्रयासरत हैं। सरकार की योजनाओं के साथ-साथ जिले में उपलब्ध संसाधनों से जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान कर उनकी विशेष जरूरतें पूरी की जा रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी के प्रयासों से सक्रिय राइफल क्लब फंड से छह असहाय और अक्षम लोगों को कुल 1.35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। धर्मपुर निवासी मीनाक्षी रतूड़ी, जिनके पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद बच्चों की फीस जमा करना मुश्किल हो गया था, को 25 हजार रुपये की मदद मिली। विजय कॉलोनी निवासी कैंसर पीड़ित शारदा देवी और ऋषिकेश निवासी दीपा देवी को इलाज के लिए 25-25 हजार रुपये की सहायता दी गई। डालनवाला निवासी इजाजुद्दीन, जो नेत्रहीन हैं, को बेटी की शादी के लिए 25 हजार रुपये की सहायता दी गई। वहीं बड़ोवाला आरकेडिया ग्रांट निवासी दिव्यांग जितेंद्र, जिनका बिजली कनेक्शन बकाया बिल न भर पाने के कारण काट दिया गया था, को 25 हजार रुपये दिए गए। इसके अलावा क्लेमनटाउन निवासी दिव्यांग अब्दुल रहमान को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन खरीदने हेतु 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
सहायता पाकर लाभार्थियों की आंखें नम हो गईं और सभी ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि गरीब और असहाय लोगों की समस्याओं का पूर्ण निवारण भले ही संभव न हो, लेकिन आर्थिक सहयोग से उनकी पीड़ा काफी हद तक कम की जा सकती है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में वंचित वर्ग को चिन्हित कर उन्हें सरकार की योजनाओं और राइफल क्लब फंड से जोड़ा जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राइफल क्लब मूलतः एक लक्ज़री प्रोजेक्ट है, लेकिन अब इसका उपयोग समाजसेवा और CSR गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। अब तक इस फंड से कुल 11.05 लाख रुपये की सहायता विभिन्न जरूरतमंदों को दी जा चुकी है। पहले भी इस फंड से प्रेमनगर झुग्गी बस्ती में बालवाड़ी की मरम्मत, त्यूनी निवासी नीतू दुर्गादेवी के बिजली बिल का भुगतान, अनाथ अदिति के पिता के बैंक ऋण का निपटारा, भगत सिंह कॉलोनी निवासी शमीमा को स्वरोजगार हेतु सहायता और सरस्वती शिशु मंदिर भोगपुर को बच्चों के लिए वाहन खरीदने में आर्थिक मदद दी गई है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
