कालाढूंगी में बोलेरो नाले के तेज बहाव में बही, एक युवक लापता, दो की बची जान
हल्द्वानी। कालाढूंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। घरुड़ी बरसाती नाला पार करने की कोशिश में एक बोलेरो गाड़ी तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन लोग गाड़ी में सवार थे, जिनमें से दो को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया, जबकि एक युवक अब भी लापता है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 11:30 बजे भारी बारिश के चलते कोटाबाग से पतलिया को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित घरुड़ी नाला उफान पर था। इसी दौरान बोलेरो गाड़ी से पतलिया गांव निवासी दीपक रस्तोगी, दीपू कुनियाल और आनंद सिंह बिष्ट नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। अचानक तेज बहाव में गाड़ी बह गई। गाड़ी बहते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए दीपू और आनंद को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दीपक रस्तोगी पानी के तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही देर रात कालाढूंगी पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण लापता युवक का पता नहीं चल सका। बोलेरो वाहन भी बहकर काफी दूर चला गया।
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि मंगलवार सुबह से फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि बरसात के दौरान किसी भी सूरत में नदियों और नालों को पार न करें। चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर गाड़ियों को पानी में उतार रहे हैं, जिसके कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।
गौरतलब है कि नैनीताल जिले में बीती रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और बरसाती नालों को पार न करने की अपील की है।
