हल्द्वानी: अतिक्रमण पर चला निगम का ‘बुलडोजर’, व्यापारियों पर 25,000 का भारी जुर्माना

हल्द्वानी। नगर निगम की टीम ने प्रशासन के साथ मिलकर आज पटेल चौक, मीरा मार्ग, बर्तन बाजार, सदर बाजार और कालाढूँगी चौराहे सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात और पैदल आवाजाही को सुगम बनाना है।
अभियान के दौरान, फुटपाथों पर अवैध रूप से रखे गए सामानों को जब्त किया गया। नगर निगम ने विशेष रूप से उन व्यापारियों पर भारी कार्रवाई की, जो अपनी दुकान के आगे अवैध रूप से दुकानें या ठेले लगवा रहे थे। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक व्यापारी पर 25,000 रुपये का चालान किया गया।
इसके अलावा, जिन ठेले वालों के पास नगर निगम का वैध वेंडिंग कार्ड नहीं था, उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण और अवैध ठेलों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर निगम द्वारा इस संबंध में बाजार क्षेत्र में लगातार अनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर आयुक्त,ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, उप जिलाधिकारी राहुल शाह सहित अन्य उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने यह संदेश दिया कि शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
