“स्कूल में पढ़ाई कम, रोमांस ज्यादा! टीचर-ट्रेनर की कहानी पहुंची सीईओ ऑफिस तक”
“इश्क में टीचर फेल — क्लास में पकड़ी गई लव स्टोरी, शिक्षा विभाग ने कर दी ‘ट्रांसफर की घंटी’!”
अल्मोड़ा। रानीखेत के एक राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षक और बीएड प्रशिक्षु के बीच कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अभिभावक संघ की जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) ने आरोपी शिक्षक को विद्यालय से हटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित महिला बीएड प्रशिक्षु को भी तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को शिक्षक की पत्नी हल्द्वानी से अपने पिता के साथ विद्यालय पहुंची थी। वहां पहुंचकर उन्होंने अपने पति पर महिला प्रशिक्षु के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। इसी दौरान विद्यालय परिसर में हंगामा हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के साथ मारपीट भी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को विद्यालय में अभिभावक संघ, प्रबंधन समिति और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि दो दिन के भीतर शिक्षक का स्थानांतरण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा और विद्यालय का बहिष्कार किया जाएगा।
अभिभावक समिति ने पूरे मामले की रिपोर्ट और साक्ष्य शिक्षा विभाग को सौंपे। रिपोर्ट में मामला गंभीर पाए जाने पर सीईओ अल्मोड़ा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक को विद्यालय से कार्यमुक्त कर अन्यत्र अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही महिला बीएड प्रशिक्षु को भी प्रशिक्षण से हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, विभाग अब पूरे मामले की विभागीय जांच भी करा सकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
