💸 “मीठी गजक बनी महंगी गलती — 2.5 लाख का डिब्बा पहुंचा गलत घर, पुलिस ने किया ‘रिटर्न ऑर्डर’ पूरा”
जोशी गजक भंडार की गलती से पहुंचा महंगा तोहफा, पुलिस ने कुछ ही घंटों में लौटाई रकम
हल्द्वानी। त्योहारों के मौसम में नैनीताल पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश की है। एक गजक विक्रेता की दुकान से गलती से 2.5 लाख रुपये का डिब्बा दूसरे ग्राहक को चला गया था, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, खीम चंद्र जोशी, निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी, अपनी दुकान जोशी गजक भंडार में काउंटर के पास गजक के एक डिब्बे में 2.5 लाख रुपये रखकर दोपहर के समय भोजन के लिए घर चले गए। इस दौरान एक महिला गजक खरीदने आई, जिस पर दुकान के कर्मचारी ने गलती से गजक के ऑर्डर में वही डिब्बा — जिसमें रुपये रखे थे — उसे दे दिया।
जब श्री जोशी वापस लौटे तो उन्होंने पाया कि रुपये से भरा डिब्बा गायब है। उन्होंने तुरंत आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज देखकर महिला की गाड़ी की जानकारी प्राप्त की और घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
पुलिस कंट्रोल रूम की सीसीटीवी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने संबंधित महिला, जो कुसुमखेड़ा निवासी थी, से संपर्क स्थापित किया और रुपये से भरा डिब्बा बरामद कर लिया।
बाद में पूरी धनराशि को एसपी सिटी प्रकाश चंद्र की मौजूदगी में श्री खीम चंद्र जोशी को सौंपा गया। अपने रुपये सुरक्षित वापस मिलने पर दुकान स्वामी ने नैनीताल पुलिस टीम का दिल से आभार जताया और पुलिस की तत्परता व ईमानदारी की सराहना की।
