हल्द्वानी! मोबाइल गिफ्ट से शुरू हुआ खेल, बेटी गायब होते ही मचा हड़कंप”
हल्द्वानी शहर की एक नामी कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक परिवार ने अपनी ही छत के नीचे रह रहे किराएदार पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया। मामला सामने आते ही इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनके घर में अनिल कश्यप नाम का युवक किराए पर रह रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने परिवार की बेटी को अपने जाल में फंसाया और मौका देखकर उसे लेकर फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले ही उन्हें इस बात की भनक लगी थी कि अनिल ने युवती को एक मोबाइल फोन दिया था। इस पर परिवार ने बेटी को सख्त हिदायत भी दी थी, लेकिन तब तक मामला हाथ से निकल चुका था।
बताया गया कि 14 जनवरी को युवती रोज़ की तरह घर से निकली, मगर फिर कभी लौटकर नहीं आई। परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की, लेकिन जब कहीं से कोई सुराग नहीं मिला तो आखिरकार युवती के भाई ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तहरीर में साफ तौर पर किराएदार अनिल कश्यप पर युवती को बहला-फुसलाकर अपहरण करने का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि पुलिस युवती और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस रहस्यमय घटना से पर्दा उठाया जाएगा।


