कानून-व्यवस्था पर खतरा बने लाइसेंसधारी, डीएम ने छीने हथियार
हल्द्वानी | 22 जनवरी 2026। जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा कड़ा कदम उठाया गया है। थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्ज आपराधिक मामलों के आधार पर पाँच व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज़ाद नगर, बनभूलपुरा निवासी साजिद नबी पुत्र रहमत नबी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। वहीं मो. उस्मान पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी लाइन नंबर 18, के खिलाफ भारतीय दंड संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
इसी क्रम में मो. गुफरान पुत्र मो. हाजी, निवासी लाइन नंबर 6, आज़ाद नगर तथा शाकिर हुसैन पुत्र साबिर हुसैन, निवासी लाइन नंबर 10, आज़ाद नगर के विरुद्ध भी भारतीय दंड संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के अंतर्गत तीन-तीन मुकदमे पंजीकृत पाए गए।
इसके अतिरिक्त मो. जहीर पुत्र खालिद हुसैन, निवासी लाइन नंबर 5, बनभूलपुरा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट, विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (UAPA) तथा आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
उक्त तथ्यों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनहित एवं सार्वजनिक शांति को सर्वोपरि रखते हुए संबंधित सभी व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी नियमानुसार जारी रहेगी।
