हल्द्वानी में होगा “भगवान शिव कथामृत” का भव्य आयोजन
Spread the love

एमबी इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में होगा “भगवान शिव कथामृत” का भव्य आयोजन

29 जनवरी से 4 फरवरी तक शिवभक्तों के लिए आध्यात्मिक महोत्सव, 28 को निकलेगी दिव्य कलश यात्रा

हल्द्वानी। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के पावन तत्त्वावधान में हल्द्वानी नगर शीघ्र ही एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक महोत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे आयोजित होने वाली “भगवान शिव कथामृत” शिवभक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और चेतना का महासंगम सिद्ध होगी।

इस भव्य आयोजन की जानकारी देते हुए संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी उमेशानंद जी ने पत्रकारों को बताया कि यह कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अध्यात्म, विज्ञान और जीवन दर्शन का अद्भुत समन्वय है, जो श्रद्धालुओं को आत्मबोध और सकारात्मक जीवन परिवर्तन की ओर प्रेरित करेगी।

शिव कथामृत महोत्सव से पूर्व 28 जनवरी 2026 को हल्द्वानी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर एक भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, शिवभक्त एवं श्रद्धालु शामिल होंगे, जिससे पूरा नगर शिवमय और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो जाएगा।

स्वामी उमेशानंद जी ने बताया कि इस महोत्सव में प्रख्यात कथावाचक डॉ. सर्वेश्वर जी (आईआईटी दिल्ली से पीएचडी, गोल्ड मेडलिस्ट) भगवान शिव के जीवन दर्शन, शिव तत्व और उसके वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं आध्यात्मिक पक्षों को अत्यंत सरल, सारगर्भित और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत करेंगे। उनकी कथाएं श्रोताओं को आत्मचिंतन और जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करती हैं।

स्वामी उमेशानंद जी ने यह भी जानकारी दी कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पावन आयोजन में सम्मिलित होने का आश्वासन दिया है, जिससे क्षेत्र के शिवभक्तों में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने हल्द्वानी एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आध्यात्मिक महाकुंभ में पधारकर भगवान शिव की अमृतमयी कथाओं का श्रवण करें और उनके संदेशों को समाज में व्यापक रूप से प्रसारित करें।

स्वामी उमेशानंद जी ने कहा कि यह आयोजन आध्यात्मिक जागरण के साथ-साथ सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और आध्यात्मिक उत्थान का सशक्त माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर राजेश अग्रवाल, गोपाल पाल, भगवान सहाय, दीवान डोगरा, जसनीत सिंह, चंदेरशेखर पांडे, जगदीश चंद दुर्गपाल, मोहन कंडपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love