विदेश भेजने का झांसा देकर 1.33 लाख की ठगी, रामनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर कबूतरबाज
दो साल से फरार था आरोपी, SSP के निर्देश पर घर से दबोचा गया
रामनगर (नैनीताल)। विदेश भेजने के नाम पर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले शातिर कबूतरबाज पर आखिरकार रामनगर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने 1.33 लाख रुपये की ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अतीकुर्रहमान उर्फ अंसारी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला 27 जून 2023 का है, जब छोटा कब्रिस्तान, बड़ी मस्जिद निवासी हैदर अली ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अयूब अंसारी और अतीकुर्रहमान उर्फ अंसारी ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर 1,33,000 रुपये हड़प लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 266/23, धारा 420 IPC के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 1 फरवरी 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अतीकुर्रहमान उर्फ अंसारी को ठाकुरद्वारा क्षेत्र के सरखड़ा परमपुर माफी स्थित उसके घर से दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।

