जीजीआईसी बागेश्वर में पूर्व छात्रा मिलन व कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम
Spread the love

जीजीआईसी बागेश्वर में पूर्व छात्रा मिलन व कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित, HPV वैक्सीन पर दी गई अहम जानकारी

बागेश्वर।पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) बागेश्वर में दिनांक 7 फरवरी को पूर्व छात्रा मिलन समारोह 2025–26 एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित आनंद तथा जिला डाटा मैनेजर श्री गिरीश चंद्र पंत (IDSP) ने बतौर अतिथि सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अमित आनंद ने कैरियर गाइडेंस सत्र के अंतर्गत छात्राओं को स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाओं में युवतियों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हैं और सही मार्गदर्शन से वे इस क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बना सकती हैं।

डॉ. अमित आनंद ने छात्राओं को भारत सरकार द्वारा लॉन्च की जाने वाली HPV वैक्सीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने छात्राओं से HPV वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से बचाव संभव है।

कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य जांच से महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।


Spread the love

You missed