लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
Spread the love

मेहंदी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला घायल; आरोपी हिरासत में

देहरादून के नेहरूग्राम क्षेत्र में मेहंदी समारोह के दौरान लापरवाही से हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। कॉकटेल पार्टी में डांस के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो समारोह में मौजूद एक महिला के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग और जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी, नेहरूग्राम, रायपुर निवासी कमल कुमार यादव ने तहरीर दी कि सोमवार रात उनके घर मेहंदी समारोह आयोजित था। समारोह में धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल हुआ था, जो अपनी लाइसेंसी पिस्टल साथ लेकर आया था। आरोप है कि डांस के दौरान उसकी पिस्टल से फायर हो गया और गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव को लग गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस युवती का विवाह समारोह था, आरोपी उसके साथ डीएल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत है और उसी परिचय के आधार पर समारोह में शामिल हुआ था।

पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Spread the love