हल्द्वानी की सीएमटी कॉलोनी में बड़ा हादसा: निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से मजदूर झुलसा, घरों के बिजली उपकरण फूंके
हल्द्वानी। सीएमटी कॉलोनी में गुरुवार को भवन निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा एक मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय निवासी बसंत बल्लभ पाठक ने बताया कि उनके घर से सटे मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी घर की दिशा से जोरदार धमाके की आवाज आई।
उन्होंने बताया कि जब वह बाहर पहुंचे तो देखा कि बिजली के मीटर में विस्फोट हो चुका था और उसके टुकड़े उड़कर दूर-दूर तक बिखर गए थे। बिजली की सप्लाई लाइन भी टूटकर सड़क पर गिर गई थी।
बसंत बल्लभ पाठक के अनुसार, जब वह घर के अंदर पहुंचे तो टीवी, फ्रिज, पंखे, बल्ब सहित अन्य सभी बिजली उपकरण फुंक चुके थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार दहशत में आ गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पड़ोसी मकान में दीवार तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान दीवार का हिस्सा बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैल गया और पास में काम कर रहा मजदूर इसकी चपेट में आ गया। मजदूर का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ।
