Spread the love

उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती का चयन परिणाम जारी, 2000 पदों के लिए अभिलेख सत्यापन पूरा

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड पुलिस विभाग में आरक्षी भर्ती से जुड़ा महत्वपूर्ण चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विज्ञापन संख्या 65/उ0अ0से0च0आ0/2024 दिनांक 30 अक्टूबर 2024 के तहत आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 1600 पदों तथा आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के 400 पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी।

आयोग के अनुसार इन पदों के लिए शारीरिक मानक परीक्षण (PST) एवं दक्षता परीक्षा 24 फरवरी 2025 से 4 अप्रैल 2025 तक आयोजित की गई थी। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा 3 अगस्त 2025 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित हुई।

लिखित परीक्षा के परिणामों के आधार पर अभिलेख सत्यापन हेतु औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 29 दिसंबर 2025 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद 12 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक सूची में शामिल अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कराया गया तथा पदों के लिए वरीयता प्राप्त की गई।

आयोग ने बताया कि अभिलेख सत्यापन पूर्ण होने के उपरांत मेरिट एवं अभ्यर्थियों द्वारा दी गई वरीयता के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की संस्तुति संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। चयन संस्तुति की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in
पर प्रकाशित की जा रही है।

हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि उक्त पदों पर की जाने वाली नियुक्तियां माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड में लंबित याचिका संख्या 16/26 (लक्की पंवार व अन्य) सहित अन्य याचिकाओं में दिनांक 8 जनवरी 2026 को पारित आदेश के अनुपालन तथा न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी।


Spread the love