होली पर यात्रियों को राहत: नैनीताल से दिल्ली-देहरादून रूट पर बढ़ेंगी बसें
हल्द्वानी/नैनीताल। होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने अहम निर्णय लिया है। त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नैनीताल से दिल्ली और देहरादून रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
स्टेशन इंचार्ज विमला ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली और देहरादून मार्ग पर दो से तीन अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर बाहरी राज्यों और मैदानी क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है, जिसे देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर भी भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इस रूट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय यात्री, पर्यटक और कर्मचारी आवागमन करते हैं। निगम प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े और यात्रा सुगम बनी रहे।
परिवहन निगम ने सभी चालकों और परिचालकों को सतर्कता बरतने तथा समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही त्योहार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
