देहरादून में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी 5 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
देहरादून। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून में तैनात वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उनके सालावाला स्थित आवास पर की गई।
सीबीआई ने आरोपी अधिकारी को विशेष न्यायालय में पेश किया, जहां से दो दिन की कस्टडी रिमांड प्राप्त की गई है। साथ ही उनकी चल-अचल संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी पड़ताल की जा सके।
रुड़की निवासी टैक्स अधिवक्ता प्रभात कुमार अग्रवाल ने सीबीआई को लिखित शिकायत देकर बताया था कि वे हरिद्वार स्थित प्लाईवुड इकाई ‘बीएस इंडस्ट्री’ का टैक्स संबंधी कार्य देखते हैं। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के देहरादून कार्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष कंपनियों का डाटा एकत्रित कर वार्षिक रिटर्न दाखिल कराया जाता है।
शिकायत के अनुसार वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार वार्षिक रिटर्न दाखिल करने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। आरोप है कि 24 फरवरी को उन्होंने मोबाइल कॉल कर एक नंबर भेजा और उस पर तत्काल 5,000 रुपये ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। रकम ट्रांसफर न होने पर 25 फरवरी की सुबह दोबारा संपर्क कर दबाव डाला गया।
इसके बाद अधिवक्ता ने नकद राशि देने की सहमति जताई और पूरी जानकारी सीबीआई को दे दी। शिकायत के आधार पर सीबीआई टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत गुरुवार देर रात आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। संबंधित दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
