चम्बल पुल पर खूनखराबा: गले पर कांच की बोतल से वार, 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चम्बल पुल के पास युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने कांच की बोतल से गले पर वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
दिनांक 28 फरवरी 2026 को आवास विकास कॉलोनी, हल्द्वानी निवासी श्री नारायण सिंह धामी ने थाना काठगोदाम में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात/नामित व्यक्तियों ने उनके पुत्र पर चम्बल पुल के पास धारदार हथियार से गले पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में मु.अ.सं. 22/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम श्री विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित साक्ष्य संकलन, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश दी और घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कांच की बोतल भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
भास्कर गंगोला (31 वर्ष) पुत्र स्व. शेर सिंह गंगोला, निवासी कुमायूँ कॉलोनी, दमुवाढूँगा।
विजय सिंह मेहरा (32 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह मेहरा, निवासी शर्मा बागनाथ कॉलोनी, काठगोदाम।
लोकपाल सिंह मेहरा (43 वर्ष) पुत्र चन्दर सिंह, निवासी शिवपुरी, जवाहर ज्योति, चम्बल पुल क्षेत्र।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
