150 CCTV खंगालकर पुलिस ने पकड़ा शातिर चोर, 13 लाख के जेवरात और नगदी बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने घर में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद उसकी पहचान कर उसे धर दबोचा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला (अल्मोड़ा) गए हुए थे। जब वह 5 मार्च को घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखे सोने के जेवरात व नगदी चोरी हो चुकी थी।
इस मामले में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 23/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्ध की पहचान की।
13 मार्च 2026 को पुलिस को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नगदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी
गौरव कुमार (25 वर्ष)
पुत्र: संतोष कुमार
निवासी: चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम, जिला नैनीताल
बरामद सामान
पीली धातु का मटरनुमा मंगलसूत्र
पीली धातु का पाइपनुमा मंगलसूत्र
02 पौंची
01 नथ व बैग टीका
02 कान के झुमके
₹2250 नगद
01 सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना काठगोदाम में चोरी का मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने 2000 रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





