डीएम आकांक्षा कोंडे की पहल रंग लाई, जनता दरबार में उठी शिकायत का 5 दिन में समाधान
संवाददाता: सीमा खेतवाल
बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे द्वारा आयोजित जनता दरबार आमजन की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। इसी क्रम में तहसील बागेश्वर के ग्राम बमनभीड़ी निवासी श्रीमती आशा देवी की पुरानी समस्या का प्रशासन ने मात्र 5 दिनों के भीतर समाधान कर दिया।

बताया गया कि श्रीमती आशा देवी ने जनता दरबार में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र में चल रही खनन गतिविधियों के कारण उनकी निजी कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है और खेत में मलबा जमा हो गया है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गत सोमवार को संबंधित विभागों को मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व एवं खान विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और भूमि को हुई क्षति का आकलन किया। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सिर्फ 5 दिनों के भीतर आशा देवी को मुआवजा प्रदान कर दिया गया।
समस्या के त्वरित समाधान पर श्रीमती आशा देवी ने प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

