दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: हल्द्वानी के 4 युवकों की मौत
Spread the love

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: हल्द्वानी के 4 युवकों की मौत, 1 जिंदगी से जूझ रहा

मुरादाबाद/हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र के पांच दोस्त कार संख्या UP14FP 7143 से दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह जब कार मूंढापांडे क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास पहुंची, तभी संभवतः चालक को नींद की झपकी आ गई। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर सीधे आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी।

हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार पांचों युवक बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार को काटकर युवकों को बाहर निकाला।

मूंढापांडे थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

अनिल नेगी (निवासी हल्द्वानी)

सुंदर सिंह (निवासी हल्द्वानी)

भुवन भंडारी (निवासी हल्द्वानी)

दयाल सिंह (निवासी हल्द्वानी)

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल यशदीप पांडे को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर मिलते ही हल्द्वानी और नैनीताल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। साथ ही जिला प्रशासन को घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।


Spread the love

You missed