हल्द्वानी में तेज आंधी में बड़ा हादसा: स्कूल की दीवार झोपड़ी पर गिरी, एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दबे
हल्द्वानी। बारिश और तेज आंधी के दौरान शहर के श्यामलात क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पास के एक स्कूल की करीब 10 फीट ऊंची दीवार अचानक ढहकर पास में बनी एक झोपड़ी पर गिर गई। हादसे के समय झोपड़ी के अंदर मौजूद एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए।
जानकारी के अनुसार झोपड़ी में रहने वाले राकेश चौधरी का परिवार उस समय अंदर मौजूद था। पीड़ितों के मुताबिक दीवार झोपड़ी के उसी हिस्से पर गिरी, जहां उनके 62 वर्षीय पिता बाबू राम, 30 वर्षीय भाई करण पाल, 28 वर्षीय धीरज, धीरज की पत्नी विमला और छह माह की मासूम बच्ची मौजूद थे।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के करीब 30 से 40 लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सभी को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना में धीरज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गहरी चोट आने के कारण 24 टांके लगाए गए हैं। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य और मासूम बच्ची सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

