हल्द्वानी: सुबह-सुबह दर्दनाक बस हादसा, एक की मौत, 6 घायल
हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ज्योलिकोट–भवाली मार्ग में गेठिया के पास केमू (Kumaon Motor Owners Union) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बस हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के बिर्थी के लिए रवाना हुई थी और उसमें कुल 14 यात्री सवार थे। जैसे ही बस गेठिया के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बताया जा रहा है कि मोड़ पर ब्रेक ठीक से न लग पाने के कारण बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर ही पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जबकि घायलों की स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें तत्काल उपचार मुहैया कराया है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
