Spread the love

हल्द्वानी: “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन के तहत बड़ी कार्रवाई, 36 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी। उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” को साकार करने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां 36 लाख रुपये से अधिक कीमत की स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में 27 मार्च 2026 को एफटीआई गेट के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध महिला को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 132 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार महिला की पहचान जोया खान (30 वर्ष), पत्नी मजहर आलम, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज (अभियोग संख्या 105/26) कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के दो मामले हल्द्वानी और मुखानी थानों में दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2000 रुपये के नकद इनाम से सम्मानित किया।

नैनीताल पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में अब तक 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 18 तस्करों (जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं) को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 901.242 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 66 लाख 30 हजार रुपये है, बरामद की जा चुकी है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।


Spread the love