Spread the love

ऑपरेशन ‘प्रहार’ का बड़ा खुलासा: स्पा सेंटरों में देह व्यापार का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार, 19 महिलाओं का रेस्क्यू

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रपुर, पंतनगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई।

पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में गठित संयुक्त टीमों—जिसमें स्थानीय पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) शामिल रही—ने 5 अप्रैल 2026 को कई स्पा सेंटरों पर दबिश दी। जांच के दौरान कई स्थानों पर स्पा की आड़ में अनैतिक देह व्यापार संचालित होता पाया गया।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी में किताबों के खेल पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, स्कूलों-बुक सेलर्स पर कसा शिकंजा

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें प्रमुख रूप से गौरव साहू, सूरज राठौर, अरशद, रोहित छाबड़ा, सानू, आदिल, ओमप्रकाश, आसीम, नासिर और मोहित शामिल हैं। वहीं मोहम्मद शकील, गुरमीत उर्फ गोपी और अमित कुमार सहित कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इस संबंध में धारा 143 बीएनएस तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कुल 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

छापेमारी के दौरान 19 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें सुरक्षित संरक्षण में लेकर उनका मेडिकल परीक्षण, काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इन महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

पंतनगर क्षेत्र के मेट्रोपोलिस मॉल में संचालित “The Thai Unisex Spa”, “Diamond Spa” और “The Green Valley Spa” में भी अनियमितताएं और अवैध गतिविधियां सामने आईं, जिनके खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में “थाई स्पा” और “एंजेल स्पा” में कर्मचारियों के सत्यापन और रिकॉर्ड में लापरवाही पाए जाने पर 20 हजार रुपये का चालान किया गया।

यह भी पढ़ें 👉 हरिद्वार में सनसनीखेज खुलासा: पत्नी और नाबालिग बेटी ने की बबलू की हत्या, आत्महत्या का दिया था रूप

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संचालित अन्य संदिग्ध स्पा सेंटरों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े गिरोह की गहन जांच जारी है।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की यह एक अहम पहल मानी जा रही है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love

You missed