देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी / नैनीताल: एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में मंगलवार को दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में देश के 29 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 172 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए आवंटित किए गए हैं और यह मेला 3 दिसंबर तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं, हस्तशिल्प एवं कलाकृतियों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न राज्यों के समूहों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और कार्यशैली को समझने का अवसर देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे महिला समूहों व ग्रामीण उद्यमियों को व्यापक बाजार मिल सकेगा।
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि सरस मेले के माध्यम से मातृशक्ति द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच मिलेगा और उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व पारंपरिक उत्पादों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेले में शुद्ध देशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति नैनीताल के कलाकारों ने ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊं की लोकसंस्कृति व लोकसंगीत को जीवंत कर दिया। वहीं सुजाता माहेश्वरी की टीम ने हनुमान चालीसा की शास्त्रीय संगीत शैली पर आधारित कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।
सरस आजीविका मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्तियाल आदि मौजूद रहे।


