देवभूमि जन हुंकार, उत्तरकाशी / मोरी / पंवाणी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के सुदूरवर्ती पंवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने दूरस्थ पर्वतीय गांवों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की अपडेटेड रिपोर्ट के अनुसार इस भयावह अग्निकांड में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं, जबकि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हादसे से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं, हालांकि राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी व्यक्ति या मवेशी की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग गांव के बुद्धि सिंह के घर से शुरू हुई, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के दौरान गांव में पांच से सात रसोई गैस सिलेंडरों के फटने की भी सूचना है, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। मोरी के स्थानीय नरेश रावत ने बताया कि गांव में अधिकांश घर देवदार की लकड़ी से बने हुए हैं, जिनमें लगी आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल होता है। एक-दूसरे से सटे लकड़ी के पारंपरिक मकान, पानी की सीमित उपलब्धता और सड़क संपर्क के अभाव के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। वहीं स्थानीय निवासी चैन सिंह रावत के अनुसार, आग में सब कुछ नष्ट हो गया—मवेशी तो बच गए हैं, लेकिन ग्रामीणों के पास राशन-पानी व गृहस्थी का सामान नहीं बचा है।
विशेषज्ञों व स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पुरानी बिजली वायरिंग, शॉर्ट सर्किट, रसोई के जलते चूल्हे और दीपक संभावित वजहें हो सकते हैं, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
इससे पहले जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने प्रारंभिक सूचना के आधार पर गांव में करीब 40 से 50 परिवारों के निवास और 25 से 30 परिवारों के प्रभावित होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद अद्यतन आकलन में 33 मकान जलने और 58 परिवारों के प्रभावित होने की पुष्टि हुई।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की स्थानीय शाखा ने भी पीड़ितों के लिए उपलब्ध 16 किचन सेट आपदा प्रबंधन केंद्र को उपलब्ध कराए हैं। सोसायटी के स्टेट चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर राज्य शाखा फैमिली टेंट, तिरपाल व कंबल आदि भी मौके पर भेजेगी। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने में समय लगा, लेकिन प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि घटनास्थल के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही है और प्रशासन प्रभावितों के राहत-बचाव एवं पुनर्वास के लिए तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्निकांड रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक कर जल्द कार्ययोजना बनाई जाएगी तथा प्रभावितों को राहत देने के साथ गांववार जोखिम न्यूनीकरण के लिए ठोस उपाय किए जाएंगे।
पुरोला के एसडीएम और तहसीलदार सरदार सिंह चौहान के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, राशन, कंबल, अस्थायी आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं विधायक दुर्गेश्वर लाल, टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और मंत्री मदन कौशिक ने भी हादसे पर दुख जताते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 25 नवंबर को पवाणी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं, हालांकि उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और कड़ाके की ठंड में बेघर हुए 58 परिवारों को सुरक्षित आश्रय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें


