मदरसन कंपनी की 21 वर्षीय युवती की अचानक मौत: ड्यूटी के बाद बस पकड़ने जा रही थी रिमझिम, सड़क पर गिरकर तोड़ा दम
लालकुआं/हल्द्वानी: मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में शनिवार दोपहर एक हृदय विदारक घटना घटी। कंपनी में ‘ए शिफ्ट’ की ड्यूटी पूरी कर बाहर निकली एक 21 वर्षीय युवती की अचानक सड़क पर गिरकर मौत हो गई। इस घटना से जहाँ मृतका के परिवार में कोहराम मचा है, वहीं फैक्ट्री प्रबंधन और साथ काम करने वाले कर्मचारियों में हड़कंप और शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के ईसाई नगर (नंबर वन लामाचौड़) निवासी रिमझिम पुत्री मनोहर लाल मदरसन कंपनी में कार्यरत थी। शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे वह अपनी शिफ्ट पूरी कर कार्ड पंच करने के बाद कंपनी के मुख्य गेट से बाहर निकली। वह अपने साथी कर्मचारियों के साथ बस पकड़ने के लिए सड़क की ओर जा ही रही थी कि अचानक उसे चक्कर आया और वह बीच सड़क पर गस खाकर गिर पड़ी।
रिमझिम को सड़क पर गिरता देख साथ चल रही महिला श्रमिकों ने शोर मचाया, जिसके बाद कंपनी प्रबंधन ने तुरंत अपनी गाड़ी से उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (STH) हल्द्वानी भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस मौत ने सबको स्तब्ध कर दिया है।
कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी ने बताया कि रिमझिम इसी साल फरवरी माह में कंपनी में नियुक्त हुई थी। वह अपने परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटा रही थी। उसके परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं, जिनमें से एक बहन का विवाह हो चुका है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।





