नैनीताल: कृष्णापुर में बोल्डरों के खतरे पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, विशेषज्ञ एजेंसी करेगी निस्तारण, लापरवाही पर वेतन काटने के निर्देश
नैनीताल, 12 मई 2026: नैनीताल जनपद के कृष्णापुर क्षेत्र में भूस्खलन और पहाड़ी से गिरते विशाल बोल्डरों की समस्या को लेकर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को दो-टूक कहा कि बोल्डरों को केवल जाल से रोकना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका पूर्ण और सुरक्षित निस्तारण अनिवार्य है.
आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा पूर्व में लगाए गए जाल बोल्डरों को रोकने में नाकाफी साबित हुए हैं, जिससे हाल ही में वाहनों को क्षति भी पहुंची है. उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्लोप स्टेबलाइजेशन की विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल बुलाकर आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को छोटे टुकड़ों में काटकर हटाया जाए. साथ ही, क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर पैदल मार्ग और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मार्ग मरम्मत और रेलिंग लगाने के निर्देश दिए. इसके अतिरिक्त:
वैकल्पिक मार्ग: कुमाऊं यूनिवर्सिटी के कृषि विज्ञान मैदान से पुराना कूड़ा खड्ड तक दोपहिया/हल्का वाहन मार्ग बनाने के लिए लोनिवि को सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है.
सीधा संवाद: आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे उन्हें सीधे फोन पर सूचित कर सकते हैं.
निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर गंदगी मिलने पर आयुक्त ने नगर पालिका के प्रति कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं हैं या कार्य नहीं कर रहे हैं, उनका वेतन काटा जाए.
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोनिवि के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक और पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित अन्य विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.





