डीएम का ‘स्टिंग ऑपरेशन’: बच्चों को सरकारी गाड़ी में बिठाकर पहुंचे दुकान, रंगेहाथों दबोचा नशा बेचने वाला दुकानदार
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह शुक्रवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए, जब उन्होंने नाबालिग बच्चों को नशा बेचने वाले एक दुकानदार को रंगेहाथों पकड़कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। दरअसल, डीएम अंशुल सिंह डायट मैदान में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहाँ स्थानीय लोगों ने उन्हें शिकायत दी कि आसपास के क्षेत्रों में नाबालिगों द्वारा खुलेआम सिगरेट और नशे का सेवन किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी खुद मौके पर पहुंचे, जहाँ उन्हें कुछ नाबालिग बच्चे सिगरेट पीते मिले। बच्चों से पूछताछ के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो डीएम ने उन बच्चों को अपने ही सरकारी वाहन में बिठाया और सीधे उस दुकान की ओर कूच कर दिया, जहाँ से उन्होंने सिगरेट खरीदी थी।
माल रोड स्थित शिखर तिराहे के पास पहुंचकर जिलाधिकारी ने रणनीति के तहत एक बच्चे को उसी दुकान पर सिगरेट खरीदने भेजा। जैसे ही दुकानदार ने नाबालिग को सिगरेट थमाई, जिलाधिकारी अचानक सामने प्रकट हो गए और दुकानदार को रंगेहाथों दबोच लिया।
दुकानदार को नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने के जुर्म में रंगेहाथों पकड़ने के बाद डीएम का पारा चढ़ गया और उन्होंने सार्वजनिक रूप से उसे जमकर फटकार लगाई। मौके पर ही पुलिस को बुलाकर दुकानदार के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के इस साहसिक और त्वरित एक्शन की पूरे शहर में प्रशंसा हो रही है, जिसे नशे के खिलाफ प्रशासन के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें 👉पिथौरागढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से काटकर की पत्नी की हत्या
इस घटना के बाद जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में सभी व्यापारियों को हिदायत दी है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद या नशीली सामग्री बेचना अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को नशे के जाल से बचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नाबालिगों को नशा बेचने या बच्चों द्वारा नशा करने की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।





