ऋषिकेश सराफा बाजार में दुल्हन ने गहनों की जगह मांगी ईवी कार
Spread the love

ऋषिकेश: अनोखी दुल्हन! शादी के गहने छोड़ मांग ली इलेक्ट्रिक कार, सराफा बाजार में रही दिनभर चर्चा

ऋषिकेश: आमतौर पर शादियों के सीजन में दुल्हनें सोने-चांदी के भारी गहनों और लेटेस्ट डिजाइन्स को लेकर उत्साहित रहती हैं, लेकिन ऋषिकेश के सराफा बाजार में एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया। यहाँ शादी की खरीदारी करने पहुंची एक युवती ने लाखों के आभूषण पसंद करने के बाद अचानक एक ऐसी डिमांड रख दी, जिसकी चर्चा अब पूरे बाजार और सोशल मीडिया पर हो रही है।

साढ़े तीन लाख के गहने किए पसंद, फिर बदला इरादा

जानकारी के मुताबिक, श्यामपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने परिवार के साथ शादी की पारंपरिक खरीदारी के लिए झंडा चौक स्थित सराफा बाजार पहुंची थी। दुकान में उसने बड़े चाव से हार, कंगन, झुमके और कई अन्य आभूषण देखे। करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात पसंद भी कर लिए गए थे और परिवार बिल भुगतान की तैयारी में था। तभी अचानक युवती ने गहने लेने से साफ इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉 शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता

“गहने नहीं, मुझे पर्यावरण के लिए EV कार चाहिए”

युवती ने अपने परिजनों से कहा कि उसे सोने-चांदी के आभूषणों की जगह उतने ही बजट में एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV Car) दिलाई जाए। उसकी यह बात सुनते ही परिवार के साथ-साथ दुकान में मौजूद अन्य ग्राहक और व्यापारी भी दंग रह गए।

अपनी इस अनोखी मांग के पीछे युवती ने बेहद व्यावहारिक तर्क दिया। उसने कहा:

“समय तेजी से बदल रहा है। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य का सबसे बेहतरीन विकल्प हैं।”

युवती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और ईवी (EV) को बढ़ावा देने के अभियानों का भी उदाहरण दिया।

यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह

बाजार में तारीफ, सोशल मीडिया पर चर्चा

परिजनों ने युवती को समझाने की कोशिश की कि शादी में गहनों की एक पारंपरिक अहमियत होती है, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। सराफा व्यापारी विशाल तायल ने बताया कि उनके पूरे व्यापारिक करियर में यह पहली बार है जब किसी दुल्हन ने सोने-चांदी की जगह पर्यावरण और भविष्य की सोच को प्राथमिकता देते हुए इलेक्ट्रिक कार की मांग की हो। बाजार में इस युवती की समझदारी और आधुनिक सोच की हर कोई सराहना कर रहा है।


Spread the love

You missed