शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पंचायत में मायके और ससुराल वालों ने तोड़ा नाता
बिजनौर/काशीपुर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक विवाहिता अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए ससुराल से भाग निकली। मामला तब और गंभीर हो गया जब पंचायत में लाख समझाने के बाद भी दुल्हन प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही, जिसके बाद दोनों पक्षों ने उससे हमेशा के लिए रिश्ता खत्म कर लिया।
गहने और नगदी लेकर पहुंची प्रेमी के घर
जानकारी के अनुसार, बिजनौर के रेहड़ क्षेत्र के बादीगढ़ निवासी युवक का विवाह बीती 22 मार्च को उत्तराखंड के काशीपुर की एक युवती से हुआ था। आरोप है कि शादी के 1.5 महीने बाद विवाहिता ससुराल से कीमती जेवर और नगदी समेटकर अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह काशीपुर में अपने पुराने प्रेमी के घर मौजूद है।
यह भी पढ़ें 👉 बेमिसाल प्रेम कहानी:: सतना जेल की महिला अधिकारी ने उम्रकैद के सजायाफ्ता रहे धर्मेंद्र से रचाया विवाह
सालों पुराना था प्रेम प्रसंग
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवक और युवती के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। चूंकि दोनों अलग-अलग बिरादरी से ताल्लुक रखते थे, इसलिए युवती के परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जाकर उसकी शादी बादीगढ़ में करा दी थी। लेकिन दिल में प्रेमी की यादें लिए दुल्हन ने आखिर अपना घर छोड़ने का फैसला कर लिया।
पंचायत में बड़ा फैसला: “अब हमारा तुमसे कोई रिश्ता नहीं”
सोमवार को प्रेमी के घर पर दोनों पक्षों की एक बड़ी पंचायत बुलाई गई। परिजनों ने युवती को लोक-लाज और मान-मर्यादा का वास्ता देकर घर लौटने के लिए काफी मनाया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। विवाहिता ने दो-टूक कह दिया कि वह सिर्फ अपने प्रेमी के साथ ही रहेगी।
यह भी पढ़ें 👉जब खुद ‘जासूस’ बन गए जिलाधिकारी: सिगरेट पीते बच्चों को देख पिघला डीएम का दिल
युवती की जिद के आगे हार मानकर पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब मायके और ससुराल पक्ष का युवती से कोई लेना-देना नहीं रहेगा।
पंचायत में इस बात पर भी सहमति बनी कि युवती ससुराल से लाए गए गहने और नगदी वापस लौटा देगी। सामान वापसी के बाद परिजन उसे वहीं छोड़कर अपने घर लौट आए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।





