हल्द्वानी: पेयजल संकट पर प्रशासन का ‘हंटर’; अवैध जल दोहन करने वालों पर छापेमारी, 8 टुल्लू पंप जब्त, DM के निर्देश पर एक्शन मोड में टीमें
हल्द्वानी (नैनीताल): जनपद में भीषण गर्मी और गहराते पेयजल संकट के बीच जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पानी की बर्बादी और अवैध जल दोहन को रोकने के लिए नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में जल संस्थान की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए मौके से 08 टुल्लू पंप जब्त किए गए।
संयुक्त टीमों ने खंगाले निर्माणधीन भवन
नगर मजिस्ट्रेट/संयुक्त सचिव ए.पी. बाजपेयी के निर्देशन में सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं की संयुक्त टीमों ने शहर के चप्पे-चप्पे पर छापेमारी की। अभियान के तहत:
निरीक्षण क्षेत्र: बरेली रोड, तीनपानी, ट्रांसपोर्ट नगर, शनि बाजार, पनचक्की रोड, काठगोदाम, लालडांट और कालाढूंगी रोड।
कार्रवाई: 25 से अधिक निर्माणाधीन भवनों का मौके पर परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर सरकारी पेयजल लाइनों से सीधे टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचा जा रहा था, जिसका उपयोग निर्माण कार्यों में किया जा रहा था। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 08 मोटर पंप जब्त किए और संबंधित भवन स्वामियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पेयजल का दुरुपयोग पाया गया, तो भारी जुर्माने के साथ वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें 👉उत्तराखंड में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार, ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा
नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने स्पष्ट किया कि भीषण गर्मी में आम जनता को पीने का पानी उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा:
“निर्माण कार्यों में पेयजल का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। यह अभियान आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।”
यह भी पढ़ें 👉“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी में IPL सट्टा गैंग का बड़ा भंडाफोड़
आमजन से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल संकट की गंभीरता को समझें और पेयजल का अनावश्यक दुरुपयोग न करें। अवैध रूप से मोटर पंप का प्रयोग करने वालों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें ताकि निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।





