विकास सूचकांक में नैनीताल का जलवा, CM ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को अल्मोड़ा में किया सम्मानित
अल्मोड़ा/नैनीताल: अल्मोड़ा के उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित भव्य ‘राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड’ समारोह में नैनीताल जनपद की झोली में बड़ी उपलब्धि आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। प्रदेश भर के जनपदों की रैंकिंग में नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तरकाशी के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को प्रशस्ति पत्र और अवार्ड प्रदान करते हुए उनके नेतृत्व में जिले में हुए नवाचारी कार्यों और सतत विकास की पहलों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन जिले में इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बिठाते हुए विकास लक्ष्यों को प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन प्रशासन ने इसे बखूबी कर दिखाया है। जिलाधिकारी को मिली इस सफलता से जिले के प्रशासनिक महकमे और जनता में हर्ष का माहौल है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासनिक तत्परता और बेहतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का ही परिणाम है कि आज उत्तराखंड नीति आयोग के इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल सहित अन्य विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सुशासन और गरीब कल्याण के पैरामीटर्स पर और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इस सम्मान का श्रेय अपनी पूरी टीम और जनपद वासियों के सहयोग को दिया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि नैनीताल जिले को विकास के हर पैमाने पर देश के अग्रणी जनपदों में शामिल करने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। बैठक में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज भी मौजूद रहे।





