रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ भीरी-पेलिंग मार्ग पर 50 फीट गहरी खाई में पेड़ पर अटकी दुर्घटनाग्रस्त कार
Spread the love

रुद्रप्रयाग में भीषण हादसा: 50 फीट खाई में गिरी सेलेरियो कार, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 5 घायल

रुद्रप्रयाग: देवभूमि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से शनिवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्र के अंतर्गत भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर उथिंड गांव की ओर जा रही एक सेलेरियो कार (वाहन संख्या: यूके13बी/4293) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और नीचे एक पेड़ पर अटक गई.

इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और सूचना मिलते ही मौके पर पहुचीं रेस्क्यू टीमों ने बेहद मुश्किल हालातों में घायलों को खाई से बाहर निकाला. इस भयंकर हादसे के बाद से उथिंड गांव सहित पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अभागा परिवार बांसवाड़ा क्षेत्र से अपने गांव पेलिंग/उथिंड की तरफ लौट रहा था. दोपहर करीब सवा 12 बजे जैसे ही कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के नेतृत्व में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं.

यह भी पढ़ें 👉धर्मांतरण सिंडिकेट : लालच और डर दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने वाले पास्टर सहित 4 गिरफ्तार

स्थानीय ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से एक संयुक्त और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार में फंसे सभी घायलों को निकाला गया और 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि भिजवाया गया.

यह भी पढ़ें 👉 जसपुर: 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार; ‘सफेद दाढ़ी’ वाले कक्का सिंह को पुलिस ने दबोचा

पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में महेंद्र सिंह (उम्र 68 वर्ष, पुत्र रूप सिंह), उनके पुत्र अंजन सिंह (उम्र 42 वर्ष) तथा संगीता देवी (उम्र 32 वर्ष, पत्नी पंकज सिंह) की मौके पर ही सांसें थम गईं. वहीं घायलों में रेशमा देवी (पत्नी अंजन सिंह) सहित चार मासूम बच्चे— दक्षित (5 वर्ष), सान्वी (3 वर्ष), विहान (8 वर्ष) तथा वैभव (10 वर्ष) शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी मृतक और घायल एक ही ग्राम उथिंड के निवासी हैं. ऊखीमठ पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के असल तकनीकी व अन्य कारणों की गहनता से जांच की जा रही है.


Spread the love