चुनाव आयोग का महा-अभियान
Spread the love

उत्तराखंड में वोटर लिस्ट को लेकर चुनाव आयोग का महा-अभियान शुरू! घर पर नहीं हैं तो एक क्लिक पर बीएलओ खुद आएगा आपके पास, जानें कैसे!

देहरादून: उत्तराखंड में लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव की तैयारियों को धार देते हुए सोमवार (8 जून) से ‘विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम’ का शंखनाद हो गया है। इस महा-अभियान के तहत अब प्रदेश के हर घर तक चुनाव आयोग की टीम पहुंचेगी और सभी मतदाताओं को ‘गणना फार्म’ बांटने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने देवभूमि के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का पूरा सहयोग करें। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ के पास गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं और अगले एक महीने के भीतर यानी 7 जुलाई तक सभी फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत डिजिटलाइज (Digitalize) कर दिया जाएगा।

मतदाता घर पर नहीं मिले, तो एक क्लिक पर बुक करें बीएलओ से कॉल:

नौकरीपेशा और कामकाजी मतदाताओं की सहूलियत के लिए चुनाव आयोग ने इस बार बेहद हाईटेक कदम उठाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि कोई मतदाता दिन के समय अपने रोजगार या किसी अन्य काम से घर पर मौजूद नहीं है, तो उन्हें परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। ऐसे लोग अब “Book a Call with BLO” फीचर की मदद से सिर्फ एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ मीटिंग का समय तय कर सकते हैं। इसके लिए मतदाताओं को चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाना होगा या फिर ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। यहाँ कॉल बुक होते ही अगले दो दिनों के भीतर बीएलओ खुद उस मतदाता से संपर्क करेंगे।

इसके अलावा, यदि बीएलओ के औचक दौरे के समय कोई नागरिक अपने घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ अधिकतम तीन बार उनके घर का चक्कर लगाएंगे। तीन बार में भी मुलाकात न होने की स्थिति में बीएलओ घर के दरवाजे पर एक विशेष ‘स्टीकर’ चिपकाएंगे, जिस पर बीएलओ का मोबाइल नंबर और उनके अगले विजिट की तारीख साफ-साफ लिखी होगी। इसके बाद मतदाता अपनी सुविधानुसार बीएलओ से संपर्क कर अपना गणना फार्म भरवा सकेंगे।

यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी ब्रेकिंग: सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी का बड़ा चाबुक,घनी आबादी के बीच बिना फायर NOC के चल रहा 9 लाख लीटर का अवैध पेंट गोदाम सील!

8 जून से 7 जुलाई तक नहीं देना होगा कोई दस्तावेज, 15 सितंबर को आएगी फाइनल लिस्ट:

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से एक विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे गणना फार्म के साथ अपना बिल्कुल नवीनतम (Latest) पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ बीएलओ को जरूर उपलब्ध कराएं। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच घर-घर भ्रमण के दौरान इस गणना फार्म के अलावा मतदाताओं से पहचान या निवास से जुड़ा कोई भी अन्य सरकारी दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने इस महा-अभियान की पूरी टाइमलाइन (Timeline) साझा करते हुए महत्वपूर्ण तारीखों का एलान किया है:

  • 14 जुलाई 2026: मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल (प्रारूप) का प्रकाशन किया जाएगा।

  • 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026: मतदाता सूची में किसी भी प्रकार के संशोधन, नाम जोड़ने या हटाने के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

  • 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026: इस पूरी अवधि के दौरान सभी प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार विधिक निस्तारण (Settlement) किया जाएगा।

  • 15 सितंबर 2026: चुनाव आयोग के सख्त निर्देशों के अनुसार अंतिम (Final) मतदाता सूची का भव्य प्रकाशन कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉 बड़ी खबर: सरकारी रिकॉर्ड खंगाला तो सामने आया तीसरी संतान का सच, बागेश्वर में जिला पंचायत सदस्य पर चली प्रशासन की कैंची!

डॉ. जोगदण्डे ने यह भी बताया कि जो लोग डिजिटल माध्यमों का उपयोग करना जानते हैं, वे स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के जरिए अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर उसे भरकर दोबारा अपलोड कर सकते हैं। इसके साथ ही, यदि इस पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान १८ वर्ष की आयु पूरी कर चुका कोई भी नया व पात्र युवा मतदाता सूची में पहली बार अपना नाम दर्ज कराना चाहता है, तो वह तुरंत अपने बीएलओ से संपर्क कर ‘फार्म-6’ भर सकता है। इन सभी नए फार्मों पर दावे-आपत्तियों के निस्तारण के समय गंभीरता से विचार कर उन्हें मुख्य सूची में शामिल किया जाएगा।


Spread the love

You missed