भीमताल: CM पुष्कर सिंह धामी ने किया ग्राफिक एरा के नए एकेडमिक ब्लॉक व ऑडिटोरियम का उद्घाटन; ‘कौशल ज्योति योजना’ का भी हुआ ऐतिहासिक शुभारम्भ! 👇
भीमताल (नैनीताल): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक एकेडमिक ब्लॉक और विशाल ऑडिटोरियम का भव्य उद्घाटन किया। इस खास मौके पर उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन होनहार छात्र-छात्राओं के लिए ‘ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना’ का विधिवत शुभारम्भ भी किया, जिसके तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रोफेशनल और सर्टिफिकेट कोर्स कराए जाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा और युवाओं के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का वास्तविक भविष्य उसकी भव्य सड़कों या आलीशान इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और वहां पढ़ने वाले युवाओं के सपनों से तय होता है। प्रसन्नता की बात है कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में पूरे देश के भीतर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
सेवा और सुशासन के 5 वर्ष पूरे, पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुँची उच्च शिक्षा
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए अत्यंत विशेष है, क्योंकि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के 5 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। इन पांच सालों में सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और युवा सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
सीएम धामी ने ग्राफिक एरा संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि भीमताल जैसे पर्वतीय क्षेत्र में विश्वस्तरीय शैक्षिक परिसर की स्थापना करना संतुलित और समावेशी विकास का एक बेहतरीन उदाहरण है। नया एकेडमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई उड़ान देने का काम करेगा।
कुमाऊँ को मिलेगा नया मेडिकल कॉलेज, अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगी शिक्षा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में एक और बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि शिक्षा और चिकित्सा तभी सार्थक हैं, जब वे समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुलभ हों। इसी सेवा भाव के साथ कुमाऊँ मंडल में ‘ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय’ की स्थापना की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है।
इस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के पूरी तरह निर्मित होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएँ तो मजबूत होंगी ही, साथ ही हजारों स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें 👉 सुहाग की ‘गुप्त सेटिंग’ का पत्नी ने कर दिया भंडाफोड़; बच्चों के साथ मिलकर पति और दूसरी महिला को सिखाया ऐसा सबक कि पहुंच गए थाने! 👇
AI, मशीन लर्निंग और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दे रही है सरकार
राज्य की तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश को अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही राज्य के विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे उभरती तकनीकों के आधुनिक कोर्स को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इसके साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण संस्थानों के माध्यम से राज्य के भीतर वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की संस्कृति को धरातल पर मजबूत किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें 👉 पिता जिसे छोड़ गए थे स्कूल, वह मां के लाखों के जेवरात और नकदी लेकर किशोर संग हुई फरार; युवा पीढ़ी का यह भटकाव क्यों?
देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू, मेधावी छात्र हुए सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता और नवाचार की सोच रखेगा। सीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि युवाओं की मेहनत किसी नकल माफिया की भेंट न चढ़े, इसके लिए हमारी सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया। इसी पारदर्शिता का नतीजा है कि पिछले 5 वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी निष्पक्षता से सरकारी नौकरियों में अवसर मिले हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान के मेधावी छात्र-छात्राओं और ‘कौशल ज्योति योजना’ के लाभार्थियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया। साथ ही, धामी सरकार के 5 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने की खुशी में ग्राफिक एरा परिवार की ओर से एक विशेष केक भी काटा गया।
इस भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या, शांति मेहरा, हरीश बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी सी, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला और निदेशक अनिल कुमार नायर समेत कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
👉देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें





