Spread the love

स्कूल परिसर में प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार

झिरौली (उत्तराखंड), शनिवार। जिले के झिरौली क्षेत्र स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, भटखोला में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। विद्यालय के प्रधानाचार्य दया किशन टम्टा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना से शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक एवं सनसनी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानाचार्य दया किशन टम्टा शनिवार सुबह प्रतिदिन की तरह विद्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान विद्यालय में कार्यरत लिपिक (बाबू) नवल किशोर सोराड़ी ने कथित रूप से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में वेतन संबंधी विवाद घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है। शिक्षक, कर्मचारी, छात्र और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

You missed