हल्द्वानी में बड़ा एक्शन: 70 नोटिसों के बाद गरजा बुलडोजर, नाले पर बने दर्जनभर अवैध निर्माण ध्वस्त
मानसून में जलभराव रोकने के लिए नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लाइन नंबर एक ईदगाह के पास चलाया महाभियान, क्षेत्र में हड़कंप।
हल्द्वानी (देवभूमि जन हुंकार ब्यूरो)। उत्तराखंड में मानसून सीजन के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए हल्द्वानी नगर निगम और जिला प्रशासन ने शनिवार को एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के लाइन नंबर एक ईदगाह क्षेत्र के निकट नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का डंडा चला और जेसीबी (JCB) मशीनों की मदद से एक दर्जन से अधिक अवैध पक्के निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में पहुंची संयुक्त टीम की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही, जिसे देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
यह भी पढ़ें 👉 बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर ₹3,500 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कोर्ट परिसर में मची खलबली! 👇
70 नोटिसों के बाद भी नहीं खाली की थी जगह
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा करीब डेढ़ महीने पहले ही इस नाले पर अवैध कब्जा करने वाले 70 अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए गए थे। सभी को सख्त हिदायत दी गई थी कि वे स्वयं ही इस अवैध निर्माण को हटा लें। हालांकि, लंबी मोहलत और बार-बार दी गई चेतावनियों के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो शनिवार सुबह संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें 👉 हल्द्वानी: महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो वायरल करने वाला आरोपी सलीक अली गिरफ्तार! 👇
जल निकासी बाधित होने से बनी थी बड़ी मुसीबत
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने इस कड़ी कार्रवाई की मुख्य वजह साफ करते हुए कहा कि नाले के ऊपर पक्के निर्माण और अवैध कब्जे होने के कारण नगर निगम के सफाई कर्मियों को नियमित सफाई कार्य करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
इसके चलते हल्की बरसात में भी पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो जाती थी और पूरे इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी हो जाती थी। मानसून सीजन में स्थानीय जनता को इस बड़ी परेशानी और संभावित नुकसान से निजात दिलाने के लिए यह अभियान बेहद जरूरी हो गया था।
प्रशासन की दो टूक: आगे भी जारी रहेगा बुलडोजर एक्शन
नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि शहर के नालों, रास्तों और सरकारी जमीनों पर किए गए किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम का यह खोदाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आगामी मानसून में जल निकासी व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे और शहरवासियों को जलभराव से राहत मिल सके।
👉देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
