
देवभूमि जन हुंकार, पीलीभीत/रुद्रपुर: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद अंतर्गत पूरनपुर क्षेत्र में 10 जुलाई को ट्रक में लगी भीषण आग और चालक की मौत का मामला एक सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि शादीशुदा प्रेमिका द्वारा रची गई रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक मर्डर मिस्ट्री निकला। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) के आधार पर उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद स्थित रुद्रपुर निवासी आरोपी महिला अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक (SP) सुकीर्ति माधव ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 10 जुलाई की सुबह ट्रक चालक बलविंदर अपने वाहन में फोम भरकर नेपाल के लिए रवाना हुआ था। उसी रात पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में बड़ी नहर के पास खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर चालक बलविंदर की केबिन के भीतर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई गुरमीत सिंह ने अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को आकस्मिक आगजनी मान रही थी। लेकिन गहन पड़ताल के दौरान पुलिस की सर्विलांस टीम को मृतक बलविंदर का एक अन्य गुप्त मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। जब उस नंबर की कॉल डिटेल और टॉवर लोकेशन खंगाली गई, तो रुद्रपुर निवासी अमनदीप कौर के साथ उसकी लगातार लंबी बातचीत के प्रमाण मिले। सबसे अहम बात यह रही कि घटना की रात अमनदीप कौर की मोबाइल लोकेशन भी पूरनपुर में घटनास्थल के बिल्कुल समीप पाई गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अमनदीप कौर को हिरासत में लेकर जब मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में अमनदीप ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से उसका बलविंदर के साथ अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर कुछ समय से उसे डर सताने लगा था कि बलविंदर के चलते उसका वैवाहिक जीवन तबाह हो जाएगा। इस रिश्ते से पीछा छुड़ाने और बलविंदर को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के इरादे से उसने 10 जुलाई को उसे मिलने के लिए पूरनपुर बुलाया।
वहां ट्रक के केबिन में बातचीत के दौरान जब विवाद बढ़ा, तो अमनदीप ने पहले से सोची-समझी साजिश के तहत बलविंदर के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जब वह अचेत होकर गिर पड़ा, तो उसने केबिन में ही रखा डीजल उस पर उड़ेल दिया और माचिस से आग लगाकर मौके से फरार हो गई।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस टीम ने हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी महिला अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें



